ग्रीन इंडिया
मेरठ। शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी संस्थान पर छत्रपति शिवाजी प्रतिमा पर दुग्ध व गंगाजल से अभिषेक किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता छत्रपति शिवाजी संस्थान के महामंत्री करुणेश नंदन गर्ग ने छत्रपति शिवाजी के जीवन को हिंदू समाज के लिए दीप्तिमान सूर्य बताया। उन्होंने कहा कि उस समय मुगल शासनकाल में आम जनता त्राहिमाम कर रही थी तब उन्होंने स्वराज का बीड़ा उठाकर संघर्ष किया। अपनी अल्पायु में अनेक युद्ध कर स्वराज की स्थापना की।
इस अवसर पर आलोक सिसोदिया ने कहा कि शिवाजी के जीवन में उनकी माता का अहम रोल रहा। यही कारण रहा कि शिवाजी ने अपने जीवन काल में युद्ध नीति के साथ-साथ मातृशक्ति का भी सम्मान किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद विजय आनंद ने कहा कि मेरठ के इतिहास में भी मराठों का विशेष स्थान रहा है। आज मराठा युवा का लगातार सात वर्षों से छत्रपति शिवाजी संस्थान पर जो उत्साहवर्धक कार्यक्रम किया जा रहा है, उसके आयोजक साधुवाद के पात्र हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद पवार, सुनील मराठा, अशोक मराठा, मनोज खंडारे, विजय मराठा व पूनम पाटिल, तेजस्विनी पवार, वर्षा हस्बे व प्रियंका खंदारे का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के तदोपरांत भंडारे का भी आयोजन किया गया।