मेरठ। विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना समिति द्वारा सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलिज के निःशुल्क विधिक सहायता केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क विधिक सेवा कैम्प का आयोजन ग्राम सतवाई में किया गया। शिविर का उद्घाटन ग्राम सतवाई के पूर्व प्रधान सतबीर सिंह के गृह प्रांगण में मुख्य अतिथि विधानसभा क्षेत्र सिवालखास मेरठ के भाजपा विधायक जितेन्द्र पाल सिंह ने किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुभारती लॉ कॉलिज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.मनोज कुमार त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि जितेन्द्र पाल सिंह का स्वागत किया। मुख्य अतिथि जितेन्द्र पाल सिंह ने सुभारती विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सरदार पटेल सुभारती लाॅ काॅलिज के निःशुल्क विधिक सहायता केन्द्र द्वारा समाज उत्थान में किये जा रहे उत्कृष्ट कार्यो की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता प्राप्त करना हर नागरिक का अधिकार है और न्याय को सर्वसुलभ बनाकर जिस प्रकार जनमानस को सुभारती द्वारा लाभान्वित किया जा रहा है यह बड़ा सराहनीय कार्य है। उन्होंने सुभारती को धन्यवाद दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सुभारती लॉ कॉलिज द्वारा जब भी क्षेत्र में इस प्रकार का विधिक सेवा कैम्प लगाया जाएगा इसके लिये वह अपने स्तर से पूरा सहयोग करेंगे।