मेरठ, लोकसत्य
कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन का संपूर्ण लॉकडाउन का प्रयोग काफी सफल रहा। पूरे जनपद में आज लॉकडाउन रहा, जिससे सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी ने गुरुवार को एक दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया। आज सुबह के समय केवल दूध व दवा की दुकानें ही खुलीं, वह भी 10 बजे के बाद बंद हो गईं। इनके अलावा सभी दुकानें व प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहे। लोगों से सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक सड़कों पर न आने की अपील की गई थी। लोगों ने पूरी तरह से इसका पालन किया। डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की चेन तोड़ना बहुत जरूरी है। इसमें जिले के हर व्यक्ति का सहयोग जरूरी है। जिला प्रशासन का यह प्रयोग काफी हद तक सफल रहा। जनता ने भी इसकी प्रशंसा की।
पुलिस ने शहर में सभी जगह सख्ती बरती। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोपहर 12:00 बजे तक ही 1230 वाहनों के चालान काटे गए। 135 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा दोपहर तक 33 वाहनों को सीज किया गया। वहीं शहर की व्यवस्था का हाल जानने के लिए एडीजी जोन प्रशांत कुमार व आईजी रेंज प्रवीण कुमार पहले बेगमपुल पहुंचे और फिर जनपद के कई स्थानों का जायजा लिया। उधर, जेल चुंगी पर भी पुलिस का सख्त पहरा रहा। बेवजह घूम रहे लोगों को रोककर पुलिस ने वाहनों के चालान किए। वहीं गांधी आश्रम चौराहे पर भी पुलिस ने सख्ती बरती। पुलिस ने बेवजह घूम रहे लोगों के वाहनों के चालान काटे।