ग्रीन इंडिया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को महीने में तीसरी बार पश्चिम बंगाल पहुंचे। हुगली में उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल पोरिबर्तन (बदलाव) का मन बना चुका है। TMC पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मां, माटी, मानुष की बात करने वाले बंगाल के विकास के आगे दीवार बनकर खड़े हो गए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्यक्रम से दूर ही रहीं।
मोदी ने कहा, 'आप लोगों की यह उमंग, ऊर्जा कोलकाता से दिल्ली तक बहुत बड़ा संदेश दे रही है। अब पश्चिम बंगाल पोरिबर्तन (बदलाव) का मन बना चुका है। आज इस वीर धरा से पश्चिम बंगाल अपने विकास के संकल्प को सिद्ध करने के लिए बड़ा कदम उठा रहा है। पश्चिम बंगाल में रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए, बंगाल के उज्जवल भविष्य के लिए बहुत बधाई देता हूं।' मोदी ने कहा कि बंगाल में कमल खिलाना इसलिए जरूरी है, ताकि पश्चिम बंगाल की स्थिति में परिवर्तन आ सके। इसकी उम्मीद में आज का नौजवान जी रहा है। हुगली इसका उदाहरण है। अव्यवस्था ने पश्चिम बंगाल को किस हालत में पहुंचा दिया है। हुगली तो उद्योग का हब था। दोनों किनारों पर जूट इंडस्ट्री थी। बड़े कारखाने थे। यहां से निर्यात होता था। आज इसकी क्या स्थिति है, यह आप जानते हैं।
हुगली में प्रधानमंत्री की रैली के पीछे कई वजह हैं। सबसे बड़ी वजह यह है कि हुगली में पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में हुगली से भाजपा की लॉकेट चटर्जी ने जीत दर्ज की थी।