EMAIL

info@greenindiamedia.in
globemediahouse@gmail.com

Call Now

+91-9837408090

News Details

यूपी-हरियाणा सीमा पर लगेंगे मजबूत स्तंभ

  • 25-Feb-2021

आयुक्त की अध्यक्षता में हुई सीमा विवाद पर महत्वपूर्ण बैठक, सीमा पर शांति बनाये रखने के निर्देश ग्रीन इंडिया मेरठ। हरियाणा सीमा विवाद के निस्तारण को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त अनीता सी. मेश्राम ने कहा कि गत दिनों मुख्यमंत्री द्वारा की गयी समीक्षा के बिंदुओं व निर्देशों पर अमल किया जाये। सर्वे का काम चल रहा है, सर्वे के उपरांत मौके पर राज्य सीमा की निशानदेही सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा किया जायेगा। जिसके लिए दोनों राज्य सरकारों द्वारा आधा-आधा व्यय वहन किया जायेगा। राज्य सरकारों द्वारा सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा किये गये सर्वे पर अपनी सहमति व धनराशि का आवंटन किया जाना है। इसके लिए राजस्व परिषद को आयुक्त नोडल अधिकारी की ओर से पत्र प्रेषित किया जायेगा। उनसे प्रकरण पर निर्णय लेने व अग्रेत्तर कार्यवाही करने का अनुरोध किया जायेगा। आयुक्त ने कहा कि हरियाणा व उप्र की सीमाओं पर जो भी स्तंभ लगाये जायें, वह मजबूत हों। अगर कहीं भूमि पर मालिकाना हक के लिए किसानों के बीच विवाद हो विशेषकर फसल कटाई के दौरान, तो ऐसी स्थिति में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करायेंगे तथा शांति व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सीमा से लगे दोनों राज्यों के जनपदों के अधिकारी अपने-अपने राजस्व रिकार्ड का आदान-प्रदान करें। जिन संबंधित जनपदों में नदी या भूमि का विवाद है तो इसको आपस में बैठकर कार्य योजना बनाकर सुलझायें तथा दीक्षित अवार्ड में उल्लिखित विवरणों का भी उपयोग करें। विषम नम्बर के स्तम्भ हरियाणा व सम नम्बर के स्तम्भ उ.प्र. सरकार द्वारा लगाये जायेंगे। हरियाणा प्रदेश की सीमाएं उ.प्र. के जनपद सहारनपुर, शामली, बागपत, गौतमबुद्ध नगर व अलीगढ़ से लगती हैं। वहीं हरियाणा राज्य के 06 जनपद जिसमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद व पलवल हैं, की सीमाएं उप्र राज्य से लगती हैं। अपर आयुक्त रजनीष राय ने बताया कि हरियाणा सीमा से लगने वाले उप्र राज्य के जनपदों के ग्रामों में जनपद सहारनपुर के 34 ग्राम, शामली के 32 ग्राम, बागपत के 27 ग्राम, गौतमबुद्ध नगर के 32 ग्राम व अलीगढ़ के 07 ग्राम कुल 132 ग्राम हैं। वहीं हरियाणा प्रदेश के उ.प्र. की सीमा से लगने वाले ग्रामों में सहारनपुर जनपद से लगने वाले जनपद करनाल हरियाणा के 16 ग्राम, शामली से लगने वाले जनपद पानीपत के 13 ग्राम व जनपद करनाल के 17 ग्राम, बागपत सीमा से लगने वाले जनपद सोनीपत के 17 ग्राम व गौतमबुद्ध नगर से लगने वाले जनपद पलवल के 15 ग्राम तथा अलीगढ़ सीमा से जनपद पलवल के 07 ग्राम कुल 102 ग्राम हैं। अपर आयुक्त रजनीष राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सहारनपुर हिमांशु नागपाल,एडीएम वित्त शामली अरविन्द कुमार सिंह, एडीएम वित्त बागपत अमित कुमार, एडीएम गौतमबुद्धनगर दिवाकर सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।