नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना पर विपक्ष की राजनीति की कड़ी निंदा करते हुए आज कहा कि दिल्ली की घटना पर हल्ला मचाना लेकिन महाराष्ट्र, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ की महिलाओं, दलितों आदिवासियों के उत्पीड़न की घटनाओं पर राजनीतिक सुविधा के हिसाब से चुप्पी साध लेना भी जघन्य अपराध है।
भाजपा के प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली में नौ साल की बच्ची के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के मामले में की जा रही राजनीति पर विपक्ष पर करारा हमला करते हुए कांग्रेस एवं श्री राहुल गांधी से कहा है कि बलात्कार पर राजनीति करना अच्छा नहीं है।
कांग्रेस को दिल्ली में दलित की बच्ची से दुष्कर्म दिखाई देता है लेकिन कांग्रेस-शासित राज्यों में हो रहे दुष्कर्म पर वह चुप क्यों हो जाते हैं। डॉ पात्रा ने कहा कि दिल्ली के नांगल गाँव में जिस प्रकार एक नन्ही सी बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ, ये बहुत दुखद है, हम इसकी घोर निंदा करते हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से सजग होकर इसपर काम कर रही है,चार से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं।