मेरठ, ग्रीन इंडिया
प्रदेश सरकार के खिलाफ बुधवार को कांग्रसियों ने जिला मुख्यालयों पर जोरदार धरना, प्रदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को समस्याएं उठाईं। बकाया भुगतान और नए सत्र के लिए अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा न होने से कार्यकर्ताओं में ज्यादा आक्रोश दिखाई दिया। मेरठ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने विशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों का जुलूस जीमखाना मैदान से शुरू हुआ जो विभिन्न मार्गों से होता हुआ कलक्ट्रेट पहुंचा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, उपाध्यक्ष पूर्व विधायक व पश्चिमी यूपी प्रभारी पंकज मलिक, प्रदेश महामंत्री व मंडल प्रभारी वीरेंद्र गुड्डू, प्रदेश महासचिव बदरुद्दीन, प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी विदित चौधरी, मेरठ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अवनीश काजला व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जाहिद अंसारी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिमखाना मैदान में एकत्र हुए। यहां किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। अभी तक भी गन्ना मूल्य घोषित न होने और नया सत्र शुरू होने के बावजूद पिछले बकाये का भुगतान न होने से कांग्रेस नेताओं में ज्यादा आक्रोश देखा गया। मौसम की खराबी से फसलों को हुए नुकसान के उचित मुआवजे की मांग भी उन्होंने जोर-शोर से उठाई। जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे।
यहां अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। गन्ना वेस्ट यूपी की प्रमुख फसल है, लेकिन किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान भी नहीं मिलता है। जिस कारण उन्हें बहुत कठिनाई में जीवन जीना पड़ रहा है। किसानों के आर्थिक हालात अच्छे नहीं हैं जबकि उसके ऊपर समय से सारे सरकारी व अन्य भुगतान के लिए भारी दबाव रहता है। इससे न केवल आर्थिक बल्कि सामाजिक व मानसिक दबाव भी किसानों के ऊपर रहता है। दैनिक जरूरतों के लिए किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बीज, खाद, बिजली-पानी व अन्य सामान काफी महंगे हैं। किसान की दशा अपनी ही खेती में मज़दूर जैसी हो गयी है। किसान अन्नदाता हैं। वह राष्ट्र के लिए बड़ी मेहनत से अन्न पैदा करता है। धूप, सर्दी व बारिश सहन करते हुए वह हमारा पेट भरता है। पूर्व विधायक पंडित जय नारायण शर्मा, हरेंद्र अग्रवाल, चौधरी यशपाल सिंह, अखिल कौशिक, इकरामुद्दीन अंसारी, मनजीत सिंह कोछड़, कृष्ण कुमार शर्मा किशनी, यूसुफ़ कुरैशी, धूम सिंह गुर्जर, राकेश मिश्रा, अदित्य शर्मा, अनिरुद्ध त्यागी, अशोक भारती, पंडित नवनीत नागर, अनिल शर्मा, मोहम्मद इमरान, सुधीर कांत शर्मा, रंजन शर्मा, एडवोकेट शक्ति सिंह, नईम राणा, रागिब नज़ीर अंसारी, योगेंद्र सिंह, संजय गोयल, आबिद इशत्याक, अनस सुल्तान, हरीश वशिष्ठ, केडी शर्मा, राजीव गौड़, पवन शर्मा आदि सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे।