नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की संख्या ने दैनिक नये मरीजों को पीछे छोड़ दिया है। इससे अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर दो करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पिछले चार दिनों में यह तीसरा मौका है, जब स्वस्थ होने वालों की संख्या कोविड-19 के दैनिक नये मरीजों से अधिक रही है। भारत में पिछले 24 घंटे में तीन लाख 44 हजार 776 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही अब तक कोविड-19 को मात देने वालों की कुल संख्या दो करोड़ (दो करोड़ 79 हजार 599) से अधिकहो गईहै। मंत्रालय ने बताया, ‘‘पिछले चार में से तीन दिन भारत में कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की संख्या रोजाना के नये मरीजों से अधिक रही है।’’
पिछले 24 घंटे में स्वस्थ होने वालों में 71.16 फीसदी मरीज 10 राज्यों से रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के तीन लाख 43 हजार144 नये मामले आए। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 42 हजार 582 नये मामले आए। इसके बाद केरल में 39 हजार 955 और कर्नाटकमें 35 हजार 297 नये मामले सामने आए। मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोविड-19 के लिये 31 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।