लखनऊ। लगातार बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश से पानी छोड़े जाने के कारण प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे की निशान की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। यहां एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया है। हमीरपुर में यमुना और बेतवा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि जालौन में स्टेट हाइवे पर यमुना का पानी आ गया है। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राजस्थान के धौलपुर और मध्य प्रदेश के चंबल बैराज से 17.85 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे गंगा और यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा और यमुना खतरे के निशान से महज दो मीटर ही नीचे हैं।