मेरठ, ग्रीन इंडिया
उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र ने गन्ना भवन में विभागीय अधिकारियों व चीनी मिल के अध्यासियों व प्रधान प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देशित किया कि गन्ना तौल केन्द्रों पर तैनात तौल लिपिक तौल लाइसेंस व पहचान पत्र अनिवार्य रूप से अपने साथ रखें। जो चीनी मिल निर्धारित पेराई क्षमता से 92 प्रतिशत कम दैनिक पेराई करेगी उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।
घटतौली को लेकर उन्होंने कड़ा रूख अपनाया। चेतावनी दी कि घटतौली मिलने पर संबंधित चीनी मिल के साथ-साथ तौल यंत्र विनिर्माता कम्पनी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। विभागीय अधिकारियों को गन्ना क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षक करने के भी निर्देश दिये। उन्होने कहा कि घने कोहरे के कारण सड़क पर चल रहे वाहनों की दृष्यता अत्यधिक कम हो जाती है जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। गन्ना किसानों की बुग्गी, बैलगाड़ी, ट्राली आदि पर रिफ्लेक्टर नहीं लगे होने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, इसलिए सभी चीनी मिलें अपने-अपने क्षेत्र में मिल गेट एवं क्रय केन्द्रों पर गन्ना ढुलाई वाहनों पर रिफ्लेक्टर अनिवार्यतः लगाने का अभियान चलायें। यह कार्य सीजन के दौरान दो-तीन बार किया जाये, जिससे पूरे सीजन इन वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगा रहे और सड़कों पर आवागमन के समय दूर से दिखायी दे सके। चीनी मिलों को गन्ना मूल्य भुगतान टैगिंग आदेश के अनुसार करने के निर्देश दिये। चीनी मिलों को गन्ना क्रय केन्द्रों का नियमित संचालन, क्रय केन्द्र व मिल गेट पर कृषकों हेतु स्वच्छ पेयजल, सर्द मौसम के दृष्टिगत अलाव, मिलगेट पर विश्राम स्थल की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाष व्यवस्था सुनिष्चित करने के निर्देश दिये साथ ही सट्टा नीति के अनुसार समानुपातिक गन्ना क्रय, एस.एम.एस. पर्ची तौल, निर्धारित समय से इंडेंट प्रेषण करने के भी निर्देश दिये। उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र में गन्ना तौल लिपिकों का स्थानान्तरण ई.आर.पी. पद्धति से रेण्डमाइज कम्प्यूटर लाटरी के माध्यम से प्रदेश स्तर पर किया जायेगा। तौल लिपिकों के पाक्षिक स्थानांतरण को पारदर्शी बनाये जाने के लिए अब प्रत्येक तौल लिपिक को यूनिक कोड आवंटित किया जायेगा। एक तौल लिपिक एक क्रय केन्द्र पर एक ही बार तौल कार्य कर सकता है। उन्होंने चीनी मिल प्रबन्धकों से कहा कि चीनी मिल में स्थापित कन्ट्रोल रूम सुचारू रूप से चलाने के साथ कृषकों की शिकायतों का निस्तारण त्वरित करने के निर्देश दिये, साथ ही प्रत्येक क्रय केन्द्र पर फ्लैक्स बोर्ड पर क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नम्बर एवं गन्ना आयुक्त कार्यालय के कन्ट्रोल रूम का टोल फ्री नम्बर 1800-121-3203 अनिवार्य रूप से उचित स्थान पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, मेरठ डा. दुष्यन्त कुमार, बागपत डा. अनिल कुमार भारती, बुलंदशहर डी.के.सैनी, हापुड़ निधि गुप्ता, बीज उत्पादन अधिकारी, मेरठ विनीत कुमार, सम्भागीय विख्यापन अधिकारी, उपेन्द्र सिंह मौजूद रहे।